*असनावर में सिग्मा किड्स का भव्य शुभारंभ* — नन्हे बालकों के सर्वांगीण विकास का नया केंद्र
झालावाड़। 6 मार्च । न्यूज़ टाइम्स झालावाड़। झालरापाटन स्थित सिग्मा स्कूल ऑफ एक्सीलेंस द्वारा असनावर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त सिग्मा किड्स विद्यालय का भव्य उद्घाटन स्थानीय सरपंच मनीष कुमार, सी.आई. नंद किशोर वर्मा, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. हरि शंकर शर्मा तथा पूर्व सहायक निदेशक सुभाष सोनी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
तहसील भवन के समीप स्थापित इस सर्वसुविधायुक्त परिसर में प्रारंभ किए गए सिग्मा किड्स विद्यालय का उद्देश्य छोटे बालकों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। इसके लिए विद्यालय द्वारा एक अत्याधुनिक एवं विशेष पाठ्यक्रम तैयार किया गया है, जिसे वर्तमान समय में बच्चों और अभिभावकों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है।
उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय परिसर, उपलब्ध सुविधाओं तथा शिक्षण व्यवस्था की सराहना की। इस अवसर पर अभिभावकों को सिग्मा किड्स प्रिंसिपल, निदेशक अंकुर शर्मा, डॉ. हरि शंकर शर्मा, सी.आई. नंद किशोर वर्मा तथा सुभाष सोनी ने संबोधित करते हुए विद्यालय की कार्ययोजना एवं शैक्षणिक विशेषताओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने आकाश में गुब्बारे छोड़कर विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य तथा नई ऊँचाइयों को छूने की कामना की।


Comments
Post a Comment