Avil दवा के दुरुपयोग व अवैध बिक्री पर कार्रवाई, मेडिकल एजेंसी का लाइसेंस निरस्त
झालावाड़
जिला औषधि नियंत्रण कार्यालय को प्राप्त सूचना के आधार पर की गई जांच में Balaji Medical Agency, खानपुर (जिला झालावाड़) के विरुद्ध गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके फलस्वरूप फर्म का औषधि लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी में यह सामने आया कि संबंधित फर्म Avil 10 ml इंजेक्शन को कोटा से क्रय कर रही है। इस संबंध में कोटा के सहायक औषधि नियंत्रक द्वारा उक्त औषधि की बिक्री से संबंधित जानकारी प्राप्त की गई।
तत्पश्चात उमेश मुखीजा, सहायक औषधि नियंत्रक एवं सुरेन्द्र पारेता, औषधि नियंत्रण अधिकारी द्वारा फर्म का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि फर्म द्वारा पिछले एक वर्ष में 803 वायल Avil 10 ml इंजेक्शन बिना विधिवत बिक्री बिल के बेची गई, जिसका दुरुपयोग नशे के रूप में किए जाने की संभावना पाई गई। उक्त औषधि Schedule-G श्रेणी में आती है, जिसका उपयोग केवल चिकित्सकीय निगरानी में किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अन्य गंभीर अनियमितताएं भी पाई गईं, जिनमें—
• विभिन्न दवाओं के विक्रय रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होना
• बिक्री बिल बुक का संधारण नहीं किया जाना
• रेफ्रिजरेटर बंद पाया जाना
• फर्म का नाम परिसर में प्रदर्शित नहीं होना
• औषधि लाइसेंस का प्रदर्शन नहीं किया जाना
इस संबंध में फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, फर्म द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।फलस्वरूप, संबंधित फर्म के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उसका औषधि लाइसेंस निरस्त कर दिया गया।
जनसामान्य से अपील की जाती है कि दवाओं का उपयोग केवल चिकित्सक के परामर्श से ही करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।
Comments
Post a Comment